पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करने को डब्ल्यूडब्ल्यूएफ नई पहल कर रहा है। पेड गोद लो अभियान के माध्यम से लोगों को पौध उपलब्ध कराई जाएगी। इस पौधे की देखरेख गोद लेने वाला व्यक्ति अपने स्तर से करेगा। सामाजिक वानिकी के सहयोग से चलने वाले इस अभियान शुभारंभ शुक्रवार को जिला जज जजी परिसर में पौधारोपण कर करेंगें।
हरियाली को बनाए रखने के लिए प्रति वर्ष बरसात के समय पौधा रोपण का वृहद कार्यक्रम चलता है जिसमें बड़ी संख्या में पौधे लगाए जाते हैं लेकिन इसमें अधिकांश पेड़ देखरेख के अभाव में नष्ट हो जाते हैं। इसके लिए विश्व प्रकृति निधि (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ) ने नई पहल शुरू की है। लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इच्छुक लोगों को पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। सामाजिक वानिकी से प्राप्त इन पौधों को इच्छुक व्यक्ति अपने घर, आंगन, खेत, पार्क अथवा सार्वजनिक स्थान पर लगाकर देखरेख करेंगे। पौध लगाने के इच्छुक लोगों का नाम पता व मोबाइल नंबर का रिकार्ड रखा जाएगा और समय समय डब्ल्यूडब्ल्यूएफ मॉनीटरिंग करेगा। डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के परियोजना अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि इसके लिए जिले में 500 पौधों का लक्ष्य रखा गया है जिसे लोगों की रुचि को देखते हुए बढ़ाया भी जा सकता है।
0000000000
डब्ल्यूडब्ल्यूएफ उपलब्ध कराएगा पौध
पेड़ गोद लो अभियान के लिए इच्छुक लोगों को पौध की व्यवस्था डब्ल्यूडब्ल्यूएफ सामाजिक वानिकी के सहयोग से उपलब्ध कराएगा। इसमें पौधे की कुल धनराशि का कुछ अंश संबंधित व्यक्ति से भी लिया जाएगा।
यह लगाए जा सकेंगे पौधे
नीम, आंवला, आम, अमरूद, गोल्डमोहर, अशोक, कचनार, इमली, जामुन, शीशम, चितवन, अर्जुन एवं अन्य स्थानीय आदि।
जिला जज आज करेंगे शुभारंभ
पेड़ गोद लो अभियान का शुभारंभ शुक्रवार को सुबह आठ बजे जिला जज राजेंद्र कुमार करेंगे। सामाजिक वानिकी व डब्ल्यूडब्ल्यूएफ ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं।