जहानाबाद। महिला की शिकायत पर खंभे की लाइट सही करने पहुंचे लाइनमैन को मोहल्ले के ही एक परिवार के सदस्यों ने गाली-गलौज कर पीट दिया। बीच बचाव करने पहुंची महिला के साथ भी मारपीट की गई। महिला की तहरीर पर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जहानाबाद क्षेत्र के मोहल्ला पुरेना निवासी कुसुम देवी ने जहानाबाद थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि दो जुलाई की दोपहर 12 बजे वह नगर पंचायत के लाइन मैकेनिक कौशल नाथ को बुलाकर खंभे की लाइट सही करवा रहीं थीं। उसी समय हरि गोपाल, अमित, लीला देवी घर से निकलकर आए। इसके बाद आरोपियों ने लाइनमैन से लाइट सही करने से मना करने दबाव बनाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए पिटाई की। जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की।
घर के ऊपर ईंट पत्थर फेंकने लगे। किसी तरह उसने अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपी घर में घुस गए और उसकी फिर पिटाई की। इससे वह घायल हो गई। मारपीट में लाइनमैन भी चोटिल हुआ है। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराकर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि इस मामले में एक पक्ष की तहरीर पर पूर्व में मुकदमा दर्ज किया गया था। अब दूसरे पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पूरे मामले की थाना पुलिस को गहनता से विवेचना करने के निर्देश दिए गए हैं।