शेरपुरकलां। जंगल से काटकर लाई गई साल की लकड़ी की सूचना पर हरीपुर रेंजर ने पुलिस टीम के साथ मोहल्ला नौगवां में लल्ला के घर छापा मारा। छापे में टीम को 29 साल की लकड़ी के लट्ठे बरामद हुए। इन्हें कब्जे में लेकर वन विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
लॉकडाउन के दौरान जहां सब कुछ बंद था। वहीं लकड़ी माफिया पूरी तरह सक्रिय थे। जंगल से पेड़ों को काटकर वन विभाग को भारी नुकसान पहुंचाया गया। 14 जून को वन एवं वन्य जीव प्रभाग की टीम ने पूरनपुर के मोहल्ला रजागंज में एक टाल पर छापा मारकर भारी मात्रा में साल की लकड़ी पकड़ी थी। इसी तर्ज पर सोमवार को हरीपुर रेंजर साजिद हसन ने पुलिस को साथ लेकर कस्बा के मोहल्ला नौगवां निवासी लल्ला के घर छापा मारा। छापा मार कार्रवाई से लकड़ी माफिया में हड़कंप मच गया। हरीपुर रेंजर ने बताया कि लल्ला के घर से हजारों रुपये कीमत की साल की लकड़ी के 29 लट्ठे बरामद किए गए है। जंगल में किस स्थान से पेड़ काटे गए। इसकी जांच करवाई जा रही है। लट्ठे कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ केस काटा जा रहा है।