वन विभाग के वाहन में लदी पकड़ी गई लकड़ी और साइकिलें। स्रोत वन विभाग
पीलीभीत। जंगल में घुसकर लकड़ी लाने का मामला सामने आने पर डीएफओ ने सख्ती की है। लकड़ी लदी चार साइकिलों को पकड़कर रेंज भेजा है। मामले में संबंधित क्षेत्र के स्टाॅफ से वसूली करने के निर्देश दिए हैं। डीएफओ की सख्ती से रेंज कार्यालय में हड़कंप है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में वन और वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ मानव- वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए अफसरों की ओर से तमाम दावे किए जाते हैं। इसको लेकर ग्रामीणों को जागरूक करने पर भी जोर दिया जाता है। जंगल में अवैध घुसपैठ रोकने के लिए भी सख्ती बरती जाती है, लेकिन इसके बावजूद जंगल सीमा से सटे लोग जांगल में घुसपैठ कर लकड़ी लेने पहुंच जाते हैं।
इससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं सामने आती हैं। रविवार सुबह माधोटांडा क्षेत्र में जंगल की लकड़ी से लदी चार साइकिलों को टीम ने पकड़ लिया। ग्रामीण साइकिल छोड़कर भाग गए। अफसरों के निर्देश पर लकड़ी और साइकिलों को रेंज कार्यालय भेजा गया। मामले में डीएफओ ने सख्त रुख अपनाया और संबंधित क्षेत्र के स्टाफ से वसूली करने के निर्देश दिए।
डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि वन और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिहाज से भविष्य में ऐसा मामला सामने आने पर संबंधित क्षेत्र के स्टाफ को ही जिम्मेदार मानकर कार्रवाई की जाएगी।