बीसलपुर। बिजली की अघोषित कटौती को लेकर मोहल्ला बख्तावरलाल की महिलाओं ने रविवार की शाम मोहल्ले में शिव मंदिर के पास ऊर्जा निगम के अधिकारियों के विरोध में प्रदर्शन और नारेबाजी की।
मोहल्ला बख्तावरलाल की कुछ महिलाएं रविवार की शाम मोहल्ले में ही शिव मंदिर के पास जमा हुईं और ऊर्जा निगम के अधिकारियों के विरोध में प्रदर्शन कर नारेबाजी करने लगीं। महिलाओं का आरोप था कि ऊर्जा निगम के अधिकारियों की अनदेखी के चलते नगर में पिछले काफी समय से बिजली की अघोषित कटौती बड़े पैमाने पर हो रही है।
बिजली की ट्रिपिंग भी काफी हो रही है। इससे भीषण गर्मी में लोगों को काफी ज्यादा दिक्कत हो रही है। ऊर्जा निगम के स्थानीय अधिकारी बार-बार शिकायत करने पर भी इस और कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। महिलाओं में अधिकारियों के प्रति काफी रोष झलक रहा था। पौन घंटे बाद यह निर्णय लेकर महिलाओं ने प्रदर्शन खत्म किया कि यदि दो दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे लोग उर्जा निगम के कार्यालय जाकर अधिकारियों को चूड़ियां पहनाएंगी।
प्रदर्शन में शानू श्रीवास्तव, मेघा सक्सेना, नीलू सक्सेना, रानी, शीतल पटेल, रेखा गुप्ता, उषा सक्सेना, पूजा मिश्रा, सत्यवती, लेखा सक्सेना, अनिका राय, मानशी सक्सेना, कोमल रावत, आरती गंगवार, शीतल गंगवार और लता सक्सेना शामिल रहीं ।