संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। रेलवे स्टेशन की लोको लॉबी में तैनात ड्राफ्टिंग क्रू कंट्रोलर (डीसीसी) के मोबाइल पर लगाए गए कथित आपत्तिजनक स्टेटस को लेकर सोमवार सुबह हंगामा हो गया। स्टेटस से नाराज महिलाओं ने रेलवे कर्मी का घेराव कर विरोध जताया। इस दौरान महिलाओं और डीसीसी के बीच तीखी नोकझोंक हुई। उनके चेहरे पर काला रंग लगा होने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले की जानकारी मंडलीय अधिकारियों को दे दी गई है।
रेलवे स्टेशन की लोको लॉबी में डीसीसी सुमेर कुमार कार्यरत हैं। बताया गया कि उनके मोबाइल पर लगाए गए स्टेटस को लेकर लोगों ने आपत्ति जताई थी। सोमवार सुबह जब वह बाइक से कहीं जाने के लिए निकले, तभी कुछ महिलाओं ने उन्हें घेर लिया और स्टेटस को अमर्यादित बताते हुए नाराजगी जताई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। करीब 20 सेकेंड के स्टेटस और 16 सेकेंड के वायरल वीडियो को लेकर लोगों में नाराजगी है। कुछ लोगों ने मामले में पुलिस को तहरीर देने की बात भी कही है। उधर, डीसीसी ने पूरे घटनाक्रम से मंडलीय अधिकारियों को अवगत करा दिया है। लोको लॉबी में मौजूद एलआई ने भी मौके पर मौजूद लोगों से स्पष्टीकरण मांगा है। डीसीसी सुमेर कुमार ने बताया कि मोबाइल पर स्टेटस गलती से लग गया होगा या किसी बच्चे ने लगा दिया होगा। उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने मामले से मंडलीय अधिकारी को अवगत करा दिया है।