पीलीभीत। धनवंतरी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत के मामले में बृहस्पतिवार को परिजन एक बार फिर कलक्ट्रेट पहुंचे। एडीएम, सीएमओ, सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी ने परिजनों से वार्ता कर उन्हें जांच रिपोर्ट दिखाई। रिपोर्ट देखने के बाद परिजनों ने कई महत्वपूर्ण तथ्यों को जांच में शामिल नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए असंतोष जताया। उन्होंने ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया दिए जाने की स्थिति स्पष्ट करने के लिए अस्पताल की सीसी फुटेज उपलब्ध कराने की मांग की।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र की रंजीत सिंह कॉलोनी निवासी पूनम अवस्थी की तीन अगस्त को गांधी स्टेडियम रोड स्थित धनवंतरी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई थी। मृतका के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल के चिकित्सक डॉ. उपेंद्रनाथ और डॉ. अक्षत पांडे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। मामले की जांच के लिए सीएमओ ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है।
नामजद चिकित्सकों की गिरफ्तारी और अस्पताल को तत्काल सील करने की मांग को लेकर परिजनों ने सोमवार को डीएम कार्यालय में आत्मदाह का प्रयास किया था। डीएम और एडीएम ने परिजनों से दो दिन का समय मांगा था। समय पूरा होने पर गुरुवार को परिजन कांग्रेस नेता कुमुद गंगवार के साथ दोबारा कलेक्ट्रेट पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को जांच रिपोर्ट दिखाई। परिजनों ने जांच को लेकर अपनी आपत्तियां अधिकारियों के सामने रखीं। परिजनो ने कमिश्नर बरेली से मामले की शिकायत करने को कहा है।
एडीएम प्रसून द्विवेदी ने बताया कि परिजनों से वार्ता हुई है। उनकी ओर से उठाई गई आपत्तियों की जांच कराकर नियमानुसार निस्तारण कराया जा रहा है। संवाद