कपड़े सुखाने के तार में अचानक करंट उतर आने से महिला की मौत हो गई। गीले कपड़े तार पर डालते ही महिला करंट की चपेट में आई। इलाज के लिए परिवारीजन उसको सीएचसी लाए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाली क्षेत्र के हरित नगर कालोनी निवासी रामनिवास गोस्वामी कथावाचक है। सोमवार दोपहर 12 बजे उनकी पत्नी 42 वर्षीय राजेश्वरी देवी कपड़े सुखाने के लिए घर की छत पर गई थीं। उन्होंने छत पर कपड़े सुखाने को बांधे गए लोहे के तार में बराबर से गुजर रही बिजली की लाइन से अचानक करंट उतर आया। पानी से भीगे कपड़े लोहे के तार पर डालते ही राजेश्वरी देवी को तेज करंट लगा और वह झटके के साथ बेसुध होकर गिर गई। उनकी चीख सुनकर परिवार वाले दौड़कर छत पर पहुंचे और उसको बचाया। उन्हें गंभीर हालत में सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने राजेश्वरी देवी को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मगर परिवारीजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया है।