सुनगढ़ी क्षेत्र के असम चौराहे के पास हुआ हादसा
पीलीभीत। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार गांव सुहास निवासी 65 वर्षीय रामवती की मौत हो गई। बाइक पर सवार दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है।
हादसा बृहस्पतिवार की रात थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के आसाम चौराहे के निकट हुआ। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गजरौला के ग्राम सुहास निवासी बाइक सवार रामवती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनकी पहचान पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तकियादीनारपुर निवासी वीरपाल और उनकी पत्नी वीनस देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी लोग आपस में रिश्तेदार हैं और पीलीभीत से पूरनपुर की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर थाना सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। मामले में तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद