घुंघचाई। एक महिला ने अपने पति को नशा देकर कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद नकदी और जेवर लेकर चली गई। ताला तोड़कर युवक को कमरे से बाहर निकाला गया। पीड़ित ने मामले की तहरीर सोमवार को थाने में दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि शनिवार की रात उसकी पत्नी ने भोजन में नशीली गोलियां मिलाकर खिला दीं। इसके कुछ ही देर बाद वह गहरी नींद में सो गया। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर महिला ने उसे कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद घर में रखे पांच तोला सोने के जेवर और 25 हजार रुपये की नकदी निकालकर ले गई। पूरी रात युवक वह बंद कमरे में पड़ा रहा। रविवार को सुबह होश आने पर उसने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन बाहर से ताला पड़ा होने के चलते दरवाजा नहीं खुला। तब उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर उसका पुत्र और पड़ोसी लोग मौके पर पहुंचे। उन लोगों ने ताला तोड़कर उसे बाहर निकाला। घटना की सूचना पाकर कई लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। संवाद
-