पीलीभीत। न्यूरिया थाना क्षेत्र के गांव भावौरा में सर्पदंश के बाद समय पर अस्पताल न पहुंचने से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। परिजन पहले झाड़-फूंक कराने के लिए उन्हें सैदपुर ले गए। काफी देर तक हालत में सुधार न होने पर मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
गांव निवासी फूलामती बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे घर में चूल्हे के लिए लकड़ी निकाल रही थीं। इसी दौरान सांप ने उनके सीधे पैर में काट लिया। चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन अस्पताल ले जाने के बजाय उन्हें झाड़-फूंक के लिए सैदपुर ले गए। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन तब तक जहर शरीर में फैल चुका था और उन्हें बचाया नहीं जा सका। सीएमएस डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक में समय गंवाने के बजाय मरीज को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाना चाहिए। समय पर उपचार मिलने से जान बचाई जा सकती है। संवाद