दशहरे की छुट्टी पर बेटे के साथ उत्तराखंड के रुद्रपुर से लौट रही थीं घर, अप्सरा नदी पुल के पास हादसा
जहानाबाद। हरिद्वार नेशनल हाईवे पर अप्सरा नदी पुल के पास रविवार सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। पुत्र के मुताबिक, सड़क पर गड्ढे से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इससे पीछे बैठी उसकी मां हादसे का शिकार हो गई। महिला बेटे के साथ दशहरे की छुट्टी पर घर लौट रही थीं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के मीरापुर (पूरनपुर रोड) गांव निवासी मोहन स्वरूप की पत्नी सविता देवी (40) अपने बेटे अमन गंगवार के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। अमन ने बताया कि उनका परिवार उत्तराखंड के रुद्रपुर में एक निजी कंपनी में मजदूरी करता है। दशहरे के त्योहार पर छुट्टी मिलने के बाद परिवार गांव आ रहा था। रविवार सुबह करीब 7:45 बजे उनकी बाइक जहानाबाद क्षेत्र में अप्सरा नदी पुल के पास पहुंची। इसी दौरान हाईवे पर बने गहरे गड्ढे से बचने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह फिसल गई। बाइक के पीछे बैठीं सविता देवी सड़क पर गिर पड़ीं। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी हालत बिगड़ गई।
हादसे के बाद राहगीरों की मदद से पुलिस ने सविता को जहानाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सीओ नताशा गोयल ने बताया कि पुलिस को हादसे की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होने से हादसे की बात सामने आई है।
10 किमी. के दायरे में जर्जर हाईवे, गड्ढे बन रहे हादसों की वजह
जहानाबाद। निर्माणाधीन हरिद्वार-सितारगंज नेशनल हाईवे पर सफर आसान नहीं है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे वाहन चालकों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। करीब दस किलोमीटर के दायरे में हाईवे की जर्जर हालत से हादसों का खतरा बना रहता है।
खासकर बाइक सवारों को गड्ढों से बचने के लिए अचानक कट मारना पड़ता है। इससे वाहनों का संतुलन बिगड़ने और हादसे होने की आशंका बनी रहती है। रविवार सुबह अप्सरा नदी पुल के पास हुए हादसे में बाइक से गिरकर महिला की मौत ने हाईवे की बदहाली का मुद्दा फिर चर्चा में ला दिया है। हाईवे पर तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के बीच गड्ढों से बचना दोपहिया चालकों के लिए चुनौती बन जाता है। कई बार सामने से आ रहे वाहन और पीछे से आ रहे यातायात के कारण चालक को संभलने का मौका भी नहीं मिलता।
नेशनल हाईवे पर सड़क की खराब हालत वाहन चालकों के साथ ही राहगीरों के लिए भी परेशानी का कारण है। रात के समय और बारिश के दौरान गड्ढों का अंदाजा लगाना और मुश्किल हो सकता है। लोगों का कहना है कि हाईवे की नियमित निगरानी और समय रहते मरम्मत जरूरी है।
जल्द पूरे कर लिए जाएंगे कार्य : परियोजना निदेशक
एनएचएआई के परियोजना निदेशक अभय भूषण के अनुसार, हाईवे निर्माणाधीन है। बचे हुए कार्य को जल्द पूरा कराने पर जोर दिया जा रहा है।