पीलीभीत। माधोटांडा के गांव भगवंतापुर फैजुल्लागंज निवासी महिला की मौत फंदे पर लटकने से हुई थी। लेकिन परिजन प्रेमी पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अगर कोई तहरीर मिलती है, तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
माधोटांडा क्षेत्र के गांव भगवंतापुर फैजुल्लागंज निवासी जेल बहादुर की पत्नी मुन्नी देवी (43) दो दिन पूर्व दवा लेने की बात कहकर घर से निकली थी। देर रात तक घर न आने पर परिजन ने उसे तलाश किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। शनिवार सुबह गांव से 20 किलोमीटर दूर मठैया लालपुर गांव की सीमा में निर्माणाधीन मकान के पास आम के पेड़ से महिला का शव लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे से लटककर मौत की वजह आई है। हालांकि परिजन क्षेत्र के ही एक युवक पर प्रेम प्रसंग का हवाला देकर महिला की हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं।
पुलिस की जांच के अनुसार महिला का क्षेत्र के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चलने की बात सामने आई है। पूर्व में भी महिला कई दिनों तक लापता रही थी। एसओ अचल कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फंदे पर लटकना आया है। परिजन प्रेमी पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।