पूरनपुर। व्हाट्सएप पर पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर गांव शेरपुर मकरंदपुर निवासी चानदीप से 5.25 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने शिकायत पुलिस से कर कार्रवाई की मांग की है।
चानदीप ने बताया कि उसके व्हाट्सएप पर पार्ट टाइम जॉब का मेसेज आया। बाद में उसे टेलीकाॅम पेज पर जोड़ लिया गया। उसे टास्क दिए गए और ईवे पर प्रोडक्ट लाइक करने को कहा गया। बताया गया कि उसे प्रति लाइक 50 रुपये दिए जाएंगे। प्रोडेक्टर लाइक करने पर उसे 50 रुपये मिलने की जानकारी दी गई।
इसके बाद उसे कई टास्क दिए गए और बाद में एक प्रीपेड टास्क दिया गया। तब उसे 10 हजार रुपये खाते में डालने पर 13 हजार रुपये मिलने की बात कही गई। बाद में उससे पांच हजार रुपये डलवाए गए। इसके बाद उससे 18 हजार, फिर 72 हजार और फिर 2.20 लाख रुपये डलवाए गए। हर बार ईवे एकाउंट पर धनराशि बढ़ती गई। बाद में उसे ईवे खाता चेक करने को कहा गया। तब उसके खाते में छह लाख, 97 हजार, 300 रुपये दिख रहे थे।
रुपये उसके खाते में पहुंचने के नाम पर उससे 30 प्रतिशत टैक्स मांगा गया। तब उसने दो लाख, नौ हजार, 190 रुपये और खाते में डाल दिए। इस तरह उसके खाते से 5,25,190 रुपये चले गए। बाद में उसने अपना बेलेंस ईवे से अपने खाते में ट्रांसफर करने को कहा, जो नहीं किया गया। जानकारी पर तरह तरह के बहाने बनाए जाने लगे। तब उसे ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर ऑनलाइन हुई ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।