पूरनपुर। असम हाईवे पर ट्रक चालक की हत्या और ट्रक में आग लगने की घटना में पुलिस के हाथ महत्वपूर्ण सुराग लग गए हैं। पुलिस ने इस मामले में एक महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
घटना 10 जुलाई को असम हाईवे पर हरदोई ब्रांच नहर पुल के समीप हुई थी। रामपुर के बिलासपुर के गांव बड़ा बोसैेना निवासी बलजिंदर सिंह रूद्रपुर से फोम भरे ट्रक को लेकर नेपाल बॉर्डर जा रहा था। ट्रक की केबिन से बलजिंदर का जला हुआ शव मिला था। पुलिस ने शव का पोस्टमाॅर्टम कराया।
पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में उसकी मौत दम घुटने से होना स्पष्ट हुई थी। साथ ही उसका विसरा सुरक्षित किया गया था। ट्रक चालक के परिजन शुरू से ही हत्या का आरोप लगा रहे थे। 16 जुलाई को पुलिस ने ट्रक चालक के भाई की ओर से अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या की घटना को महिला ने अंजाम दिया था। सीओ विधि भूषण मौर्य का कहना है कि हिरासत में ली गई महिला से पूछताछ की जा रही है। संवाद