भाई के साथ रिश्तेदारी में जा रही युवती से बाइक सवार तीन शोहदों ने छेड़छाड़ की। काफी दूर तक उसका पीछा कर परेशान करते रहे। अश्लील इशारे करने का भी आरोप है। बाद में सिविल लाइन चौकी पर पहुंचते ही युवती ने शोहदों को पकड़ लिया और भिड़ गई। शोर सुनकर पहुंची पुलिस ने युवती से जानकारी कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया। घटना के चलते मौके पर भीड़ लगी रही।
न्यूरिया क्षेत्र के एक गांव की रहन वाली एक युवती अपने भाई के साथ बाइक से पूरनपुर रिश्तेदारी में जाने के लिए निकली। टनकपुर हाइवे पर सैदपुर के पास पहुंचते ही पीछे से आ रहे बाइक सवार तीन शोहदों ने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। कई बार बाइक को आगे पीछे कर परेशान करते रहे। आरोप है कि अश्लील फब्तियां कसीं और इशारे भी किए। काफी देर तक युवती शोहदों की हरकत को नजरअंदाज करती रही। बाद में सिविल लाइन चौकी पर पहुंचते ही अचानक युवती ने बाइक से उतरकर तीनों को रोक लिया। सरेराह तीनों शोहदों की फटकार लगा दी। शोर सुनकर चौकी से सिपाही निकलकर आ गए। आसपास के लोग भी जमा हो गए। युवती से पूरी जानकारी करने के बाद सिपाही आरोपियों को पकड़कर चौकी ले आए। पुलिस गिरफ्त में आते ही शोहदों के पसीने छूट गए। गलती स्वीकार कर मांफी मांगने में जुट गए। हालांकि, बाद में युवती के तहरीर न देने पर पुलिस ने तीनों को चेतावनी देकर छोड़ दिया।