अमरिया (पीलीभीत)। पुलिस ने बिजली के तार चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 2.5 क्विंटल एल्युमिनियम तार, दो तमंचे, कारतूस, 42,650 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और चोरी में प्रयुक्त कार बरामद की गई है। आरोपियों ने पूछताछ में कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
एएसपी विक्रम दहिया ने पुलिस लाइन में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मसूम अली निवासी बरेली गेट मस्जिद जहूरीद्दीन वार्ड नं. 5 थाना गंज जनपद रामपुर, रशीद खां व शादाब अली निवासी ग्राम मुड़िया मुकरमपुर थाना बहेड़ी जनपद बरेली, पन्नू उर्फ विकास निवासी ग्राम बलपुर माफी थाना अमरिया (वर्तमान निवासी दुगडाक लोनी थाना रूद्रपुर जनपद उधमसिंह नगर, उत्तराखंड) और मजीद निवासी मोहल्ला पहरगंज थाना रूद्रपुर जनपद उधमसिंह नगर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यह गिरोह बिजली की लाइन काटकर तार चोरी करता था और बाद में इसे सस्ते दामों पर बेच देता था। हाल ही में आरोपियों ने बाजपुर (उत्तराखंड) क्षेत्र में भी तार चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
इस मामले में थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के एकता नगर निवासी शीतल प्रसाद की तहरीर पर 21 अगस्त को मुकदमा दर्ज किया था। अब गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर आरोपियों पर धाराओं की बढ़ोतरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। जहां से आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
-