शिक्षामित्रों का नेहरू पार्क में सम्मेलन हुआ। इसमें पहुंचे प्रदेश मंत्री कौशल कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षामित्रों को हताश होने की जरूरत नहीं है। केंद्र और प्रदेश सरकार हमारे साथ है। सुप्रीम कोर्ट में दमदार पैरवी कर शिक्षामित्रों को उनका हक जल्द दिलाया जाएगा।
उप्र प्राथमिक शिक्षामित्र शिक्षक संघ के तत्वावधान में नेहरू पार्क में हुए सम्मेलन में मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री ने कहा कि संगठन शिक्षामित्रों का हक दिलाने को संघर्ष कर रहा है। एनसीटीई ने अगस्त 2010 से पहले नियुक्त शिक्षामित्रों को टीईटी से छूट प्रदान कर दी है। राज्य सरकार और केंद्र सरकार भी शिक्षामित्रों को शिक्षक बनाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में शिक्षामित्रों को एकजुट रहकर संघर्ष करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संघर्ष सही दिशा में चल रहा है और इसका सुखद परिणाम में जल्द सामने होगा। किसी के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है। जिलाध्यक्ष रामसिंह राठौर, जिला मंत्री वीर सिंह गंगवार ने भी विचार रखे। सम्मेलन के बाद शिक्षामित्रों ने एक ज्ञापन केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी को भी सौंपा।
सम्मेलन में राजवीर सिंह, शांतिस्वरूप, रामेश मिश्रा, उमेश यादव, विनय पांडे, राकेश त्रिवेदी, हरिओम पांडेय, नरेंद्र सिंह, भुवनेश्वरी शर्मा, रजिया सुल्तान, कमलजीत कौर, गुरेंद्र कौर, मुन्ने अली, नुजहत बी सहित कई शिक्षामित्र मौजूद रहे।