स्कूलों के बाहर छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने वालों की अब खैर नहीं होगी। छेड़छाड़ की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसपी जेके शाही ने दो टीमें गठित की है। सोमवार से यह टीमें स्कूल खुलने व छुट्टी होने के समय वहां मौजूद रहने वाले लोगों की वीडियोग्राफी करेंगी।
शहर में छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ रहीं है। शोहदे स्कूल खुलने व छुट्टी होने के बाद स्कूल के इर्दगिर्द खड़े हो जाते हैं और छात्राओं पर फब्तियां कसते हैं। एसपी ने बताया कि थाना सुनगढ़ी और सदर कोतवाली पुलिस से स्कूलों की सूची मांगी है, जो रविवार तक मिल जाएगी। स्कूलों के खुलने व बंद होने के समय स्कूलों के बाहर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। जो वहां आने-जाने वाले और आसपास खड़े होने वाले लोगों की वीडियोग्राफी करेंगे।
इसके लिए दो टीमें बनाई गईं हैं। एक टीम में महिला एसओ और दूसरी टीम में एक दिन शहर कोतवाल तो दूसरे दिन प्रभारी निरीक्षक शामिल रहेंगे। दोनों टीमों का सुपरवीजन सीओ सिटी करेंगे। टीम के सदस्य स्कूल खुलने व बंद होने पर चौराहों आदि पर खड़े होकर भी वीडियोग्राफी करेंगे।
उन्होंने बताया कि एक से अधिक बार यदि किसी की तस्वीर कैमरे में कैद होती है तो उसके अभिभावक को बुलाकर वेरीफिकेशन कराया जाएगा। कहा कि यदि उसका स्कूल से कोई वास्ता नहीं मिलता है तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान सोमवार से शुरू होगा।