शहर का सुप्रसिद्ध गणेश चौथ मेला सोमवार से प्रारंभ हो जाएगा। सुबह डीएम गणेश पूजन करेंगे और शाम को तीन बजे से शोभायात्रा निकाली जाएगी। मेले में खेल तमाशे और झूले लगने लगे हैं। वहीं आयोजन कमेटी भी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है।
गणेश चौथ मेले के आयोजन को प्रशासन की पहल पर गठित सात सदस्यीय कमेटी ने मेले की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने के लिए रविवार सुबह मेला मैदान पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद मेला कार्यालय में बैठकर अब तक लग चुकी दुकानों एवं शेष जगह पर लगने वाली दुकानों पर चर्चा की। आयोजन समिति के संयोजक अनूप अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को सुबह 11 बजे डीएम मासूम अली सरवर मेला स्थल पर विराजमान भगवान गणेश का पूजन कर विधिवत शुभारंभ करेंगे। इसके बाद तीन बजे से शहर में शोभायात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि पूर्व में आयोजन करने वाली समिति के सदस्यों से संपर्क कर प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी ली गई है और उसी के अनुरूप कार्यक्रम कराने का प्रयास किया जा रहा है। उधर मेले की सुरक्षा के लिए मेला पुलिस चौकी भी स्थपित की गई है जिसके में आसाम चौकी इंचार्ज इंद्रजीत सिंह भदौरिया को मेला प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने भी मेला मैदान पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उधर मेले को भव्य रूप देने के लिए दुकानों के साथ साथ खेल तमाशे और झूले आदि लगने लगे हैं। संयोजक ने बताया कि सोमवार तक सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएंगी।