बाघ के हमले में घायल सामोली। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
कलीनगर (पीलीभीत)। बराही रेंज के रामकोट जंगल में सोमवार शाम करीब चार बजे तीन अन्य ग्रामीणों के साथ लकड़ी बीनने पहुंची रामकोट निवासी महिला समोली पर बाघ ने हमला कर दिया। जिसमें वह बुरी तरह जख्मी हो गई। शोर शराबा करने पर बाघ वहां से भाग गया, इसके बाद ग्रामीणों की मदद से महिला को जंगल से बाहर लाने के बाद उपचार के लिए भेजा गया। पूरनपुर सीएचसी के बाद महिला को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
माधोटांडा क्षेत्र का रामकोट गांव बराही रेंज के जंगल से सटे इलाके में स्थित है। अक्सर ग्रामीण लकड़ी बीनने के लिए जंगल में जाते रहते हैं। गांव निवासी विक्की की 28 वर्षीय पत्नी समोली सोमवार को पड़ोस के तीन अन्य ग्रामीणों के साथ गांव से सटे जंगल में लकड़ी बीनने गई थी। महिला के मामा विश्वजीत ने बताया कि करीब तीन बजे जंगल में लकड़ी बीनते समय सारे लोग अलग-अलग हो गए। इस दौरान झाड़ियों से निकले बाघ ने समोली पर हमला कर दिया। पंजा लगने से पैर बुरी तरह जख्मी हो गया। शोर शराबे पर आसपास मौजूद अन्य लोग मौके पर पहुंचे। बाघ वहां से भाग गया। इसके बाद घायल अवस्था में महिला को जंगल से बाहर निकाला गया। एंबुलेंस से माधोटांडा सीएचसी के बाद पूरनपुर भेजा गया। जहां हालत गंभीर होने पर महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
--
जंगल के अंदर बाघ ने महिला पर हमला किया है। टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। जंगल से बाहर भी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
- अरुण कुमार श्रीवास्तव, रेंजर बराही