बीसलपुर/पीलीभीत। चीनी मिल के सीजनल कर्मचारी जितेंद्र कुमार (22) की रविवार रात डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव मोर्चरी भेज दिया। इसी बात से परिवार वालों ने हंगामा शुरू कर दिया। चालक डंपर मौके पर छोड़कर भाग गया। देर रात तक हंगामा जारी रहा।
बीसलपुर के मोहल्ला बालाजी कॉलोनी निवासी राजेश कुमार का पुत्र जितेंद्र कुमार किसान सहकारी चीनी मिल में सीजनल कर्मचारी है। रविवार शाम सात बजे जितेंद्र बाइक से गोपी टॉकीज के पास सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने जा रहा था। इसी दौरान 12 पत्थर चौराहे के पास डंपर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जब तब उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक डंपर मौके पर छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव उठाकर मोर्चरी के लिए भेज दिया। परिवार वाले मौके पर पहुंचे, तो वहां शव नहीं था। इस पर परिवार वालों ने हंगामा शुरू कर दिया। परिवार का आरोप था कि उनके आने से पहले ही पुलिस ने शव क्यों दुर्घटना स्थल से हटा दिया। देर रात तक हंगामा चलता रहा।