पीलीभीत। हरीपुर रेंज में बाघ ने करीब सवा साल के नर शावक पर हमला कर उसे मार डाला था। शुक्रवार को हुए पोस्टमार्टम में इसका खुलासा हुआ है। शावक के गर्दन पर नुकीले दांतों के गहरे घाव मिलने के साथ उसके सिर में चोट पाई गई। फिलहाल घटनास्थल पर 10 और ट्रैपिंग कैमरे लगा दिए गए हैं। वहीं फील्ड डायरेक्टर जावेद अख्तर ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व हरीपुर रेंज की जटपुरा बीट में बृहस्पतिवार शाम गश्त के दौरान एक शावक का शव मिला था। घटनास्थल के आसपास एक नर बाघ की मौजूदगी देखी जा रही थी। वन अफसरों ने आशंका जताई थी कि इसी नर बाघ ने ही शावक पर हमला किया होगा। शावक के शव को कब्जे में लेकर आईवीआरआई बरेली में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। शुक्रवार को आईवीआरआई बरेली में एनटीसीए की गाइडलाइन के अनुसार शावक के शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शावक की मौत बाघ द्वारा हमले में ही होना पाई गई। वन अफसरों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का खुलासा करते हुए बताया कि शावक नर और करीब सवा साल का था। शावक की गर्दन पर बाघ के नुकीले दांतों के निशान पाए गए और उसके सिर में भी गहरी चोट पाई गई। इधर शुक्रवार पूर्वाह्न पीटीआर के फील्ड डायरेक्टर जावेद अख्तर हरीपुर रेंज में घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। इसको लेकर उन्होंने वनाधिकारियों से भी जानकारी ली। फिलहाल घटनास्थल पर बृहस्पतिवार को ही छह ट्रैपिंग कैमरे लगाए गए थे, हमलावर बाघ की पुष्टि करने के लिए शुक्रवार को और 10 कैमरे लगवा दिए गए हैं। वनकर्मियों को लगातार निगरानी करने को निर्देशित किया गया है।