प्रमुख सचिव बाल विकास कुमार कमलेश ने वीडियो कांफ्रेंस कर कुपोषित बच्चों को चिन्हित करने के लिए सात और दस और अप्रैल होने वाले वजन दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी केंद्रों पर वजन मशीन सहित सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कराने एवं अन्य विभागों का सहयोग लेने के निर्देश दिए।
एनआईसी स्थित हाल में हुई वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से प्रमुख सचिव ने जिलाधिकारी मासूम अली सरवर से वजन दिवस की तैयारियों की जानकारी ली। प्रमुख सचिव ने कहा कि रैपिड सर्वे के अनुसार जिले में 23 हजार बच्चे अतिकोषित होने की संभावना है। इसलिए वजन कराते समय पूरी सावधानी बरती जाए और संभावित आंकड़ों का भी ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि दो चरणों में होने वाले वजन दिवस के लिए केंद्रों पर वजन मशीन एवं अन्य स्टेशनरी आदि की व्यवस्था पूर्ण कर ली जाएगा। यदि किसी केंद्र पर मशीन खराब है अथवा उपलब्ध नहीं है तो प्रथम चरण के लिए द्वितीय चरण के आंगनबाड़ी केंद्रों से और द्वितीय चरण के लिए प्रथम चरण के केंद्रों से वजन मशीन की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा नोडल अधिकारी भी अपने पास वजन मशीन लेकर चलेंगे। प्रमुख सचिव ने इस अभियान में बाल विकास एवं पुष्टाहार के साथ बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायतीराज का भी सहयोग लेने के निर्देश दिए। वीडियो कांफ्रेंस में डीएम के अलावा सीडीओ इंद्रदेव द्विवेदी, डीपीओ राजकपूर, बीएसए अंबरीष यादव मौजूद रहे।