पूरनपुर के विघुत केंद्र पर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते बिजली कर्मचारी।संवाद
पूरनपुर (पीलीभीत)। खराब ट्रांसफार्मर को सही करने जा रहे लाइनमैन को पीटने का आरोप पुलिसकर्मियों पर लगाकर बिजली निगम के संविदा कर्मचारियों ने बुधवार रात हड़ताल कर दी।
पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करने के साथ ही कोतवाली जा रही केबल को काटकर आपूर्ति ठप कर दी। एसडीएम की मौजूदगी में हुई वार्ता में समझौते के बाद आपूर्ति बहाल हुई।
संविदा लाइनमैन मासूक ने बताया कि तहसील कार्यालय परिसर के बाहर रखे 250 केवीए ट्रांसफार्मर के फ्यूज जल गए थे। सूचना पर उसने रात 2:05 बजे शटडाउन लिया। बाइक से फ्यूज के तार लेने के लिए विद्युत उपकेंद्र जाते समय नगर पालिका चौराहे पर मिले दरोगा ने बिना वजह उसे पीटा। रात में ही उसने साथियों को जानकारी दी।
लाइनमैन की पिटाई के विरोध में बिजलीकर्मियों ने ट्रांसफार्मर के फ्यूज बदलने से इन्कार कर दिया। यही नहीं कोतवाली जा रही बिजली की केबल को भी काट दिया।
रात दो बजे से बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे तक करीब 200 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बंद रही। कुछ उपभोक्ताओं ने फॉल्ट सही कराने के लिए अधिकारियों को कॉल करनी चाही तो कॉल रिसीव नहीं हुई।