पूरनपुर। घरेलू हिंसा के चल रहे मुकदमे की तारीख पर पंजाब से कोर्ट आ रही युवती को ससुराल वालों ने प्राइवेट बस से जबरिया उतार लिया।युवती को कार में बैठाकर उसे उसकी ससुराल ले गए। मुकदमे में समझौता न करने पर तेजाब डालकर उसका चेहरा जलाने की धमकी दी। आरोप है कि इस दौरान ससुर और चचिया ससुर ने उससे छेड़खानी की। सास, ननद ने पिटाई की तो उसके पति ने डराने के लिए हवाई फायरिंग की। सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
घटना 20 जुलाई की है। पंजाब की रहने वाली युवती ने बताया कि उसकी शादी सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। ससुरालियों का उसके प्रति क्रूर व्यवहार रहा। बाद में उसे घर से निकाल दिया गया। उसने कोर्ट की शरण ली और घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज कराया।
22 जुलाई को कोर्ट में तारीख पर पंजाब से प्राइवेट बस से वह 20 जुलाई को पीलीभीत आ रही थी। आरोप है कि बरेली के समीप कार सवार उसके ससुरालियों ने बस को रास्ते में रुकवाकर जबरिया उसका मुंंह बंद कर कार में बैठा लिया। कार में मुकदमा में रुपये लेकर समझौता करने का दबाव बनाया।
समझौता न करने पर उसके चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी दी गई। बाद में आरोपी ससुराली उसे कार से ससुराल लाए। सास और ननद कार से उतरकर घर में चली गईं। तब उसके ससुर और चचिया ससुर ने उससे छेडख़ानी की। शोर-शराबा पर सास, ननद और अन्य ससुरालियों ने उसकी पिटाई की। उसके पति ने डराने के लिए हवाई फायरिंग की। बाद में उसे कार से असम हाईवे पर छोड़ दिया गया। सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पीडि़ता की ओर से उसके ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।