पूरनपुर। टाटा मैजिक खरीदने के लिए पांच लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर युवती को शारीरिक, मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। चाय में नशीली गोलियां खिलाकर गले में रस्सी का फंदा डालकर जान से मारने की कोशिश की गई। सूचना पर पुलिस युवती को थाने लाई। तब उसके ससुरालियों ने कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। परिवार परामर्श केंद्र पर समझौते की कोशिश में आरोपी नहीं पहुंचे। कोतवाली पुलिस ने एसपी के आदेश पर युवती की ओर से उसके पति सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव कढेरचौरा निवासी राजेश की पत्नी हेमपुष्पा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि राजेश से उसकी शादी 28 नवंबर 2022 को हुई थी। उसका पति घर में ही रहता है। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद उसका पति राजेश, जेठ सत्यप्रकाश, वेद प्रकाश, देवर मुकेश अक्सर मारपीट कर टाटा मैजिक खरीदने के लिए पांच लाख रुपये की मांग करने लगे।
मांग पूरी होने में असमर्थता व्यक्त करने पर उसका शारीरिक, मानसिक उत्पीड़ऩ कर उसे भूखा, प्यासा रखा जाने लगा। आरोप है कि उसके पति के एक अन्य युवती से संबंध होने के चलते उसे चाय में कई बार नशीली दवाइयां दी गईं।
16 अगस्त 2024 को उसके गले में रस्सी डालकर जान से मारने की कोशिश की गई। सूचना उसने कॉल कर पुलिस को दी। पुलिस उसे बचाकर बमुश्किल थाने लाई। थाने में उसके पिता, भाई भी पहुंचे। तब आरोपियों ने कार्रवाई पर जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत पर पुलिस ने मामले को परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया। परिवार परामर्श केंद्र मेंं आरोपी समझौते को नहीं पहुंचे। कोतवाल नरेश कुमार त्यागी ने बताया कि एसपी के आदेश पर पीड़िता की ओर से उसके पति समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।