करीब 850 किसानों का हो चुका है खरीद के लिए पंजीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। शासन के आदेश पर शनिवार से जिले के 125 सेंटरों पर गेहूं की सरकारी खरीद शुरू की जाएगी। इसके लिए प्रशासन ने तैयारी को पूरा कर लिया है। शाम तक सेंटरों पर बैनर आदि को लगा दिया गया है। हालांकि पहले दिन खरीद न होने की आशंका जताई जा रही है। अभी तक 850 किसानों का पंजीकरण हो चुका है।
शासन के आदेश पर जिला प्रशासन ने शनिवार से शुरू होने वाली गेहूं खरीद की तैयारियों को शाम तक दुरुस्त कर लिया। जिले में खोले गए 125 सीटों पर बारदाने के साथ ही बैनर व फ्लेक्सी को लगवा दिया गया है। किसानों के पंजीयन के लिए टीम लगी हुई है। अब तक गेहूं खरीद के लिए करीब 850 किसानों का पंजीकरण हो चुका है। प्रशासन का दावा है सभी सेंटरों पर व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई है। शनिवार से खरीद शुरू करा दी जाएगी।
इस बार शासन ने 2125 रुपये प्रति क्विंटल का भाव तय किया है। इधर पहले दिन गेहूं खरीद न होने की आशंका जताई जा रही है। कारण है कि अभी बारिश के चलते खेतों में कटाई का काम शुरू नहीं हो सका है।
00
गेहूं खरीद की पूरी तैयारी कर ली गई है। सभी सेंटर प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं।
- वीके शुक्ला, डिप्टी आरएमओ