बकायेदार उपभोक्ता के बदले धोखे से कट गया था दूसरे का कनेक्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। बाकायेदार के बदले धोखे से दूसरे उपभोक्ता का कट गया बिजली कनेक्शन जोड़ने गए संविदा बिजली कर्मचारी को घर में खींचकर पीटा गया। छूटने के बाद संविदा कर्मचारी ने घटना की सूचना विभागीय अफसरों को दी। बृहस्पतिवार को जेई उमेश कुमार ने घुंघचाई थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।
घटना बुधवार शाम की है। जेई उमेश कुमार ने बताया कि बुधवार को टीम घुंघचाई थाने के गांव नरायनपुर पोस्ट घुंघचाई गई थी। टीम में उनके अलावा संविदा कर्मचारी हरीराम, विनोद कुमार, मुकेश कुमार, रोहित और अशोक कुमार शामिल थे। गांव निवासी रामचंद्र पर 16651 रुपये बकाया है। बकाया जमा न करने पर रामचंद्र की जगह धोखे से गांव निवासी गया प्रसाद का कनेक्शन कट गया। गलत कनेक्शन कटने की जानकारी पर बुधवार शाम को संविदा कर्मचारी हरीराम को गया प्रसाद का कनेक्शन जोड़ने और रामचंद्र का कनेक्शन काटने को भेजा गया। उन्होंने बताया कि गांव में पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने संविदा कर्मचारी को पकड़कर गाली-गलौज की। उसे घर में खींच कर पिटाई की। आरोपियों के चंगुल से छुटे हरीराम ने घटना की जानकारी दी।
बृहस्पतिवार को जेई उमेश कुमार ने घुंघचाई थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। जेई ने बताया कि दो दिन पहले गांव चंदोखा ताल्लुके अजीतपुर बिल्हा में कनेक्शन काटने पहुंची टीम से भी लोगों ने अभद्रता की थी। उसकी भी तहरीर पुलिस को दी गई। मगर अब तक उस मामले में भी कार्रवाई नहीं हुई है।