पीलीभीत। मंडी में आने वाले किसान यदि अपना गेहूं आढ़त पर बेचेंगे तो मूल्य को लेकर मनमानी नहीं चलेगी। किसान को उसकी उपज का वाजिब दाम दिलाने के लिए नीलामी कराई जाएगी। दिन में दो बार नीलामी कराने के आदेश डीएम ने जारी किए हैं। केंद्र प्रभारी और सचिव के सामने ही खुली बोली लगाने को कहा है।
पहली मार्च से शुरू की गई गेहूं की सरकारी खरीद में अब तक जिले में खाता नहीं खुल सका है। यही नहीं आढ़तों पर भी आवक नहीं हो रही है। मंडी में आने वाले किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम मिल सके, इसके लिए डीएम संजय कुमार सिंह ने निर्देश जारी किए हैं। कहा गया है कि किसान की फसल का उसको सही मूल्य दिलाया जाए।
गेहूं की गुणवत्ता को चेक करने के बाद मूल्य तय किया जाए। इसके लिए उन्होंने मंडी में सचिव और केंद्र प्रभारियों की मौजूदगी में खुली बोली लगाने के आदेश दिए हैं। मंडी में नीलामी प्रक्रिया दिन में दो बार कराई जाए। पहली नीलामी सुबह 11 बजे से दो बजे तक कराई जाए। नीलामी के दौरान वीडियो भी बनाया जाए।
डिप्टी आरएमओ वीके शुक्ला ने बताया किसानों को उसकी फसल का उचित मूल्य दिलाने के लिए डीएम की ओर से आदेश हुए हैं। इसको लेकर सचिव और केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं।