पीलीभीत में मंगलवार को ईदगाह रोड पर घने कोहरे के बीच स्कूल जाते छात्र। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। क्वार माह में मंगलवार की सुबह कुछ पौष (पूस) जैसी थी। सुबह शहर पर घने कोहरे की चादर नजर आई। इसे देखकर लोगों को थोड़ा आश्चर्य भी हुआ। हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह मौसम में अधिक नमी का असर है।
पिछला सप्ताह झमाझम बारिश वाला रहा। पिछले दो दिनों से मौसम से खुशगवार है। मंगलवार को सुबह मौसम का मिजाज थोड़ा सर्दियों वाला दिखा। शहर की सड़कों से लेकर दूर दराज गांवों में भी घना कोहरा दिखा। स्कूल कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी और कार्यालयों में जाने वाले लोग कोहरे वाली सुबह का लुत्फ लेते नजर आए। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएस ढाका ने बताया कि वैसे कोहरा नवंबर आखिर या दिसंबर (पौष) में आता है। इस वक्त मौसम में काफी नमी है। तापमान ज्यादा होने से कोहरा हुआ है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। डॉ. ढाका ने बताया कि एक सप्ताह तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम सामान्य रहेगा।