पीलीभीत। गांव बांसखेड़ा निवासी पोस्टमैन देवेंद्र कुमार (35) की सोमवार रात को ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। दुर्घटना जहानाबाद के सितारगंज हाईवे पर हुई। वह हेलमेट नहीं लगाए था।
अमरिया के गांव बांसखेड़ा निवासी गौरव कुमार ने बताया कि उनके भाई देवेंद्र कुमार पूरनपुर के मुख्य डाकघर में पोस्टमैन थे। सोमवार सुबह किसी काम से वह पीलीभीत आए थे। शाम करीब सात बजे शहर से बाइक से घर आ रहे थे। साढ़े सात बजे उनकी भाई से फोन पर बात भी हुई थी। तब देवेंद्र ने बताया कि वह रास्ते में हैं। इसके बाद उनका फोन नहीं लगा। देर रात तक जब देवेंद्र घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। पता चला कि जहानाबाद के पास उनकी सड़क हादसे में मौत हो गई है। देवेंद्र की मौत से घर में कोहराम मच गया। पत्नी लक्ष्मी, पुत्र पुलकित, मां राम प्यारी भाई शिव कुमार और गौरव का रोते-रोते बुरा हाल है। जहानाबाद इंस्पेक्टर प्रभाष कुमार ने बताया कि रात में सितारगंज हाईवे पर बाइक सवार की किसी ट्रक की चपेट में आने से मौत हुई है। ट्रक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।