पीलीभीत। तराई के जिले में पछुआ हवा के चलते तापमान में दो डिग्री की गिरावट आ गई। इससे वातावरण में ठिठुरन बढ़ गई। मौसम विभाग की ओर से सुबह और रात के समय कोहरा आने के साथ ही तापमान में और गिरावट का पूर्वानुमान दिया गया है।
सोमवार को सुबह कोहरा आ गया। सुबह करीब आठ बजे तक वातावरण में हल्का कोहरा छाया रहा। इस दौरान सुबह की सैर पर निकले लोग सिर से पैर तक गर्म कपड़ों में ढंके नजर आए। कोहरा छंट जाने के बाद अच्छी धूप खिली, इससे लोगों को काफी राहत मिली। सुबह के समय लोगों ने गुनगुनी धूप का आनंद लिया। राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शैलेंद्र सिंह ढाका ने पंतनगर स्थित कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के हवाले से जानकारी दी कि तराई के जिले में सोमवार को अधिकतम तापमान 24.1 एवं न्यूनतम 10.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
रविवार को अधिकतम तापमान 26.6 और न्यूनतम 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा था। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट आने के कारण ठंड बढ़ गई है। डाॅ. ढाका के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में और गिरावट आने का पूर्वानुमान दिया गया है। संवाद