पीलीभीत में बीते चार पांच दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को बुधवार को बारिश से राहत मिली। शहर में 20 मिनट तक तेज बारिश हुई। इससे जहां गर्मी से राहत मिली, तो कई जगह जलभराव होने से लोगों की मुसीबतें भी बढ़ गईं।
पीलीभीत में बुधवार को दोपहर आसमान में बादल आते ही तेज बारिश शुरू हो गई। करीब 20 मिनट तक हुई बारिश से जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। वहीं शहर की तस्वीर बाढ़ जैसी हो गई। शहर के मुख्य मार्गों पर पानी बहने लगा। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
विज्ञापन
बीते करीब चार दिनों से बादलों की आवाजाही जारी थी, लेकिन बूंदाबांदी ही होकर रह जाती थी। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल पा रही थी। बुधवार को सुबह से ही बादल बने रहे। दोपहर करीब दो बजे तेज बारिश शुरू हो गई। करीब 20 मिनट तक हुई जोरदार बारिश ने एक बार फिर से शहर की सूरत को बिगाड़ दिया।
स्टेशन रोड, चूड़ी वाली गली, सुनगढ़ी मोहल्ला, अशोक कॉलोनी, अग्रवाल सभा भवन सहित कई सड़कों पर दो से तीन फीट पानी भर गया। वहीं स्टेशन रोड पर पानी भर जाने से गंदा पानी लोगों के घरों और दुकानों में भी घुस गया। पानी भर जाने से लोग बारिश थमने के बाद लोग पानी को दुकान और घरों से बाहर निकालते रहे।