पूरनपुर। सेल्हा का मेला इस बार नहीं होगा। पुलिस ने नई परंपरा से मेला होने, कमेटी का विवाद न्यायालय में विचाराधीन होने आदि की जानकारी रिपोर्ट में दी है। जिसके बाद मेला आयोजन को स्वीकृति नहीं दी गई।
ब्लाॅक क्षेत्र के गांव सेल्हा में होली के बाद लगने वाले मेले में खासी भीड़ रहती है। इस बार होली के बाद मेला नहीं कराया गया। हालांकि मेला प्रबंधक अब्दुल खलीक खां ने मेला कराने के लिए 29 मार्च से दो अप्रैल तक की अनुमति का आवेदन कलीनगर एसडीएम कार्यालय में दिया तो कमेटी के सदर अकीलुर्रहमान ने 26 से 30 अप्रैल तक मेला कराने का आवेदन किया।
दो लोगों की ओर से अलग-अलग तिथियों में मेला कराने के आवेदन पर एसडीएम कलीनगर ने पुलिस से रिपोर्ट तलब की। एसओ माधोटांडा, सीओ पूरनपुर ने नई परंपरा के आधार पर मेला कराने, एक ही आयोजन को अलग-अलग दो लोगों की ओर से और अलग-अलग तिथियों में कराने के लिए आवेदन करने, पूर्व में मेला आयोजन के संबंध में धन गबन को लेकर रिपोर्ट दर्ज होने और मामला कोर्ट में विचाराधीन होने पर मेले की अनुमति नहीं देने की संस्तुति की। इस पर एसडीएम ने आवेदनों को निरस्त कर दिया।
-
सेल्हा का मेला होली के बाद पड़ने वाले शुक्रवार से शुरू होता है। इसका हवाला त्योहार रजिस्टर में अंकित है। तब मेला न कराकर इस बार आयोजन को नई परंपरा डालने की कोशिश गई। इसके अलावा मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के कारण मेले की अनुमति नहीं दी गई है।
- आलोक सिंह, सीओ पूरनपुर