पीलीभीत के घुंघचाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को गिरफ्तार किया। उसके पैर में गोली लगी है। उसका साथी भाग निकला। पकड़ा गया बदमाश कई मामलों में वांछित चल रहा था।
पीलीभीत के घुंघचाई थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक गांव मदारपुर के पास संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश चुनिया पुत्र भूरा निवासी ग्राम सुखदासपुर थाना माधोटांडा, गोली लगने से घायल हो गया। उसके दाहिने पैर के घुटने के नीचे गोली लगी।
विज्ञापन
दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर गन्ने के खेतों में भाग गया। पुलिस टीम ने क्षेत्र में कॉम्बिंग अभियान शुरू कर दिया। घायल चुनिया को सीएचसी पूरनपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक दीपचन्द्र, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल बंटी शर्मा, कांस्टेबल डब्बू बैसोया और कांस्टेबल शोभित कुमार की टीम मुठभेड़ ऑपरेशन में शामिल रही।
कई मामलों में वांछित था चुनिया
पुलिस के अनुसार चुनिया वर्ष 2019 से 2025 के बीच पूरनपुर और घुंघचाई थानों में आयुध अधिनियम व सीएस एक्ट के चार मामलों में वांछित था।