बीसलपुर के गांव किशनी के पास दलदल नुमा सड़क संवाद
चुर्रासकतपुर। गांव किशनी के पास से गुजर रहा मार्ग लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के चलते ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। खस्ताहाल मार्ग पर कीचड़ और जलभराव के कारण स्कूली बच्चों का निकलना मुश्किल हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते से निकलते समय कई लोग फिसलकर घायल हो चुके हैं। यह मार्ग गांव के लोगों के साथ-साथ स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए भी प्रमुख रास्ता है। कीचड़ के कारण बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे अभिभावकों में चिंता बनी हुई है।
अन्य राहगीरों को भी रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या के संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं कराया गया तो वे आंदोलन करेंगे।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता एसके जैन ने बताया कि पहले इस सड़क का निरीक्षण करवाया जाएगा। इसके बाद मरम्मत का प्रस्ताव तैयार कराकर कार्रवाई होगी। संवाद