काम रुकवाया, बोले-दीवार बनी तो आने-जाने में आएगी दिक्कतफोटो 10-
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। कलक्ट्रेट परिसर में हो रहे चहारदीवारी निर्माण को ग्रामीणों ने बंद करा दिया। उनका कहना है कि कई वर्षों से इधर से कई गांवों के लोगों का आना-जाना रहता है। रास्ता बंद हो गया तो परेशानी बढ़ जाएगी। यही नहीं शहर आने के लिए कई किलोमीटर की दूरी भी बढ़ेगी।
कलक्ट्रेट परिसर में आफीसर्स कॉलोनी के पीछे से कच्चा रास्ता पीछे गांव बक्सपुर को जाता है। इसी रास्ते से ग्रामीण कई साल से आते और जाते है। इधर कुछ दिन पहले सुरक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से दीवार बनाने का काम शुरू किया गया। शनिवार को जब रास्ते को बंद करने के लिए मजदूर दीवार बना रहे थे, तभी काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए।
हंगामा करते हुए काम को बंद करा दिया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए मजदूरों ने काम रोक दिया और बैठ गए। ग्रामीण भी विरोध जताते हुए मौके पर ही बैठ गए। कुछ ग्रामीणों ने इसकी शिकायत राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार से की । फिलहाल ग्रामीणों के विरोध के चलते काम शुरू नहीं हो सका है।
-
करीब दस किलोमीटर का बचता है फेर
आफीसर्स कॉलोनी के पीछे रास्ते से गांव बक्सपुर, दहगला, सेमरखेड़ा, रसूलपुर, भिखारीपुर, गौंटिया आदि गांवों के लोगों का आना- जाना रहता है। इधर से आने में ग्रामीणों को टनकपुर हाईवे से रिक्शा भी आसानी से मिल जाते हैं। यदि यह रास्ता बंद होता है तो ग्रामीणों को पांच किलोमीटर दूर चंदोई जाना होगा, वहां से रिक्शा आदि पकड़कर शहर आना होगा। इससे उनको करीब दस किलोमीटर अधिक दूरी तय करनी पड़ेगी।
-
कलक्ट्रेट परिसर से ग्रामीण अनाधिकृत रूप से निकलते हैं। जानकारी होने पर वह खुद मौके पर गए थे। पुलिस की मौजूदगी में काम शुरु करा दिया गया है। दीवार को बनाया जाएगा।- विजय वर्धन तोमर, सिटी मजिस्ट्रेट