बीसलपुर। गांव परसिया के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में धांधली को लेकर ठेकेदार खिलाफ प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि अगर सड़क निर्माण की जांच कर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वे ब्लॉक परिसर में बेमियादी धरना शुरू कर देंगे।
गांव परसिया के ग्रामीणों ने शुक्रवार को हाल ही में बनाई गई सीसी रोड को जगह-जगह से उखड़ा देखा तो भड़क गए। उन्होंने ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों को आरोप था कि सड़क निर्माण में ठेकेदार ने जमकर खेल किया है। मानक से कम और घटिया निर्माण सामग्री लगाई है। इसी का नतीजा है कि सड़क उखड़ने लगी है।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान ही निर्माण में धांधली की शिकायत की थी, लेकिन अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। बेहद घटिया निर्माण सामग्री लगाए जाने से सड़क की गुणवत्ता इस कदर खराब है कि बनने के कुछ दिन बाद ही सड़क उखड़ने लगी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि सड़क निर्माण में हुई धांधली की जांच कर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वे अगले सप्ताह से ब्लॉक परिसर में बेमियादी धरना शुरू कर देगें।
प्रदर्शन करने वालों में पूर्व प्रधान दीनदयाल गंगवार, पकडिय़ा मंगली साधन सहकारी समिति के अध्यक्ष निर्मेष भारती, भूपेंद्र, दयाराम अजीत, बुद्धसेन, अशोक कुमार, लोकेश, रामचंद्र, ओमप्रकाश आदि शामिल रहे।