कलेक्ट्रेट में शिकायत लेकर पहुंचे गांव चंदोई के ग्रामीण। संवाद
पीलीभीत। शहर से सटी ग्राम पंचायत चंदोई में विकास कार्यों में घोटाले की शिकायत करने पर ग्राम प्रधान और उनके पति ने ग्रामीणों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इसे लेकर शुक्रवार को दर्जन भर से अधिक ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को शिकायती पत्र दिया।
चंदोई गांव में विकास कार्यों में घोटाले की गांव के कुछ लोगों डीएम से शिकायत की थी। इस पर डीएम ने जांच के आदेश कर दिए। जांच शुरू होने से ग्राम प्रधान और उनके पति बौखला गए। उन्होंने शिकायत करने वाले ग्रामीणों को धमकाया। कहा, अगर जांच के दौरान उनके खिलाफ बयान दिया तो झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवा दिया जाएगा। शुक्रवार को ग्रामीणों ने डीएम से इसकी शिकायत की।
डीएम को सौंपे पत्र में ग्रामीणों ने कहा है कि ग्राम प्रधान, उनके पति और ससुर लगातार फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। थाने में झूठे शिकायती पत्र भी भेजने शुरू कर दिए हैं। आए दिन पुलिस गांव आकर ग्रामीणों को परेशान कर रही है। कुछ दिन पूर्व फर्जी मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास भी किया गया। पुलिस ने जांच की तो मामला फर्जी पाया गया। ग्रामीणों ने प्रधान, उनके पति और ससुर के विरुद्ध जांच कर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान महेंद्र कुमार मिश्र, नाहिद नवी, मोहम्मद तारिक खान, गोविंद, शब्बीर अहमद, शमशाद अहमद, हबीब अहमद, शरीफ अहमद, भूप सिंह आदि मौजूद रहे।