पूरनपुर। गांव रुद्रपुर और लालपुर के समीप बाघ की चहलकदमी से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीमों ने बाघ के पैरों के निशान ट्रेस किए। वनकर्मियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। बाघ की निगरानी को कर्मचारी लगाए गए है।
बढ़ती सर्दी के बीच वन्यजीव भी जंगल से बाहर निकलने लगे हैं। ऐसे में बाघ भी वन्यजीवों का पीछा करते हुए खेतों और आबादी क्षेत्र के आसपास पहुंच रहे हैं। बुधवार शाम गांव लालपुर के समीप खेतों में बाघ की चहलकदमी का शोर मचा। सूचना पर वन एवं वन्य जीव प्रभाग के रेंजर मोहम्मद अय्यूब टीम के साथ बुधवार शाम को मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर बाघ की चहलकदमी बताई गई है वह जंगल से कुछ दूरी पर ही है।
खेतों में बाघ के पैरों के निशान मिले हैं। बाघ जंगल में पुन: चला गया है। ग्रामीणों को सतर्कता बरतने को कहा गया है। बाघ की निगरानी को कर्मचारी लगाए गए हैं। हरीपुर जंगल से सटे गांव रुद्रपुर के आसपास बाघ की चहलकदमी देखी गई है। सूचना पर हरीपुर रेंज का स्टाफ मौके पर पहुंचा। कर्मचारियों को खेतों मेें बाघ के पैरों के निशान मिले। हरीपुर रेंजर साजिद हसन ने बताया कि बाघ के पैरों के निशान खेतों में मिले है। आसपास के लोगों को सतर्क कर बाघ की निगरानी को कर्मचारी लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि ठंड में छोटे जंगली जानवर अक्सर जंगल से बाहर खेतों में पहुंचने लगते हैं। उन्हीं के चक्कर में बाघ शिकार का पीछा करते हुए जंगल के बाहर चला जाता है। जंगल के बाहर बाघ की चहल कदमी पर पूरी तरह नजर रखी जा रही है।
ईंट भट्टा में निकला दोमुंहा सांप
पूरनपुर। ईंट भट्टा में दुर्लभ प्रजाति का दो मुंहा सांप (रेडसेंड वा) निकला। सूचना पर पहुंची वन एवं वन्य जीव प्रभाग की टीम ने सांप को पकड़कर बराही रेंज के जंगल में छुड़वा दिया। मामला गांव टंडोला के समीप एक ईंट भट्टा का था। रेंजर मोहम्मद अयूब हसन ने बताया कि सूचना पर टीम के साथ गए थे। दोमुंहा सांप दुर्लभ प्रजाति का जंतु है। उसे बराही जंगल में छोड़ा गया है। संवाद