बरखेड़ा। ग्राम खजुरिया पचपेड़ा में बृहस्पतिवार को दोपहर हादसा हो गया। घर की छत पर लोहे के कंटीले तार रखने जा रहा ग्रामीण बिजली लाइन की करंट की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई।
परिजन के अनुसार, तार का बंडल अचानक खुलकर बिजली लाइन से छू गया। ग्रामीण की छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। गांव निवासी मृतक 44 वर्षीय मो. अखलाक के परिजन ने बताया कि डंडे में आगे लोहे का तार बंधा हुआ था, जो झटके से खुल गया और बिजली की लाइन में छू गया था। करंट की चपेट में आने से मो. अखलाक अचेत होकर छत पर ही गिर पड़े। यह देख पास ही मौजूद 15 वर्षीय रेहान ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जानकारी दी। परिजन आनन-फानन में अचेत अवस्था में मो. अखलाक को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बरेली रेफर कर दिया। परिजन उन्हें एंबुलेंस से बरेली लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों ने पोस्टमाॅर्टम कराने से इन्कार कर दिया है। मो. अखलाक मजदूरी कर अपने परिवार का किसी तरह भरण-पोषण करते थे। वह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। संवाद
-