पीलीभीत के पूरनपुर तहसील क्षेत्र में एक माह पहले पागल कुत्ते ने ग्रामीण को काट लिया। ग्रामीण ने एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाई। इसके बावजूद ग्रामीण की हालत बिगड़ गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीलीभीत के पूरनपुर तहसील क्षेत्र से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। क्षेत्र के गांव मुजफ्फरनगर निवासी हरद्वारी लाल (49 वर्ष) को चार अप्रैल को पागल कुत्ते ने काट लिया था। हरद्वारी ने पांच अप्रैल को सीएचसी पहुंचकर एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाई। इसके बाद चिकित्सक के परामर्श के अनुसार हरद्वारी ने सीएचसी पहुंचकर नियमित टीके लगवाए लेकिन सोमवार को हरद्वारी लाल की हालत खराब हो गई।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि हरद्वारी को रेबीज हो गया। वह अजीब हरकत करने लगे। लोगों को दौड़ने लगे। ऐसी हरकतें करने पर परिजन हरद्वारी को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां सीएचसी का स्टाफ डर गया। उन्हें लगा कि कहीं किसी को नाखून न मार दें। इस पर डॉक्टरों ने हरद्वारी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उनका उपचार जारी है। उनकी हालत नाजुक बताई गई है।
गर्मी में हमलावर हो रहे कुत्ते
गर्मी में आवारा कुत्ते हमलावर हो रहे हैं। इससे कुत्तों के हमलों के मामले बढ़ गए हैं। जिला अस्पताल से लेकर सीएचसी व पीएचसी में भी बड़ी संख्या में लोग एआरवी लगवाने पहुंच रहे हैं। अकेले जिला अस्पताल के एआरवी केंद्र पर प्रतिदिन डेढ़ सौ के करीब मरीज एआरवी लगवाने पहुंचते हैं।