जहानाबाद क्षेत्र में गश्त करती पुलिस।स्रोत:पुलिस
पीलीभीत। संभल में जामा मस्जिद के सर्वे को लेकर हुए बवाल के बाद जिले में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। एसपी ने सीओ समेत अफसरों को जरूरी निर्देश दिए हैं। इसके बाद मिश्रित और संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। सोशल मीडिया पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी अविनाश पांडेय ने सीओ और थाना प्रभारियों को कार्यक्षेत्रों में सतर्कता बरतने के साथ गश्त बढ़ाने के लिए निर्देश दिए। शहर के बैलों वाले चौराहा, कमल्ले चौराहा, लाल रोड, छतरी चौराहा, नौगवां पकड़िया, चिड़ियादाह, पूरनपुर, बरखेड़ा, जहानाबाद समेत सभी मुख्य चौराहा एवं मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस की तैनाती की गई है।
सतर्कता बढ़ाने के बाद सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने भी शहर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि जिले में सतर्कता बढ़ाई गई है। इसके अलावा उच्च अधिकारियों के निर्देश पर 70 पुलिसकर्मियों को संभल के लिए रवाना किया गया है। इसमें करीब 20 उपनिरीक्षक और 50 कांस्टेबल शामिल हैं।