पंचायत चुनाव को पहुंचे प्रेक्षक ने जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों से चुनाव में सतर्कता एवं लगन से काम करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि कहीं कोई दिक्कत हो तो उच्चाधिकारियों से संपर्क कर अविलंब हल निकालने का प्रयास करें।
पंचायत चुनाव के विशेष सचिव उच्च शिक्षा पीके उपाध्याय को चुनाव प्रेक्षक बनाया गया है। बृहस्पतिवार वह पीलीभीत पहुंचे। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में डीएम के साथ उन्होंने चुनाव तैयारियों पर चर्चा की। इसके बाद कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार पहुंचकर जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ बैठक की। सबसे पहले उन्होंने सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट से बूथों के निरीक्षण के बारे में जानकारी ली।
इसमें कुछ अधिकारियों ने मामूली कमियां बताई, जिन्हें ठीक कराने के निर्देश एडीएम अजयकांत सैनी को दिए। उन्होंने कहा कि अन्य चुनाव की अपेक्षा प्रधानी का चुनाव काफी संवेदनशील होता है। इसमें गांव का प्रत्याशी और गांव के ही मतदाता होते हैं और एक एक वोट के लिए प्रत्याशी झगड़ने को तैयार रहते हैं। लोगों की महत्वाकांक्षाएं भी बढ़ जाती हैं। ऐसे में सभी अधिकारियों को सूझबूझ और सतर्कता और लगन के साथ चुनाव संपन्न कराना है। इससे पूर्व एडीएम ने उन्हें चुनाव के लिए की गई तैयारियों की जानकारी दी।
छूटे मतदान कर्मियों को दिया प्रशिक्षण
पहले एवं दूसरे चरण के लिए होने वाले चुनाव में तैनात किए गए मतदान कर्मियों को दो दिन पूर्व मंडी में प्रशिक्षण दिया गया था। इनमें अनुपस्थित रहने वाले मतदान कर्मियों को बृहस्पतिवार को गांधी सभागर में सुबह कार्मिक प्रभारी/ डीडीओ एके सिंह चंद्रौल एवं बीएसए अंबरीश कुमार यादव ने चुनाव प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं एवं अन्य मतदान कर्मी अपनी ड्यूटी कटाने के प्रयास में जुटे रहे।
पुलिस कर्मियों की हुई ब्रीफिंग
पंचायत के चुनाव के प्रथम चरण को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है। गुरुवार शाम पुलिस लाइन में एएसपी सुधीर कुमार सिंह ने इन पुलिस कर्मियों को चुनाव ड्यूटी एवं इस दौरान बरती जाने वाली सावधानियों से अवगत कराया। एएसपी ने कहा कि पुलिस की सतर्कता किसी भी बढ़ी घटना को रोक सकती है। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों से निष्पक्ष और भयमुक्त होकर चुनाव कराने के निर्देश दिए।
2000 पुलिस कर्मी कराएंगे चुनाव
28 नवंबर को होने वाले प्रथम चरण के मतदान के लिए लगभग 2000 पुलिस कर्मियों को लगाया गया है। इसमें 146 उपनिरीक्षक, 101 के हेडकांस्टेबिल, 618 कांस्टेबिल, 750 होमगार्ड, 300 पीआरडी तैनात किए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से प्रथम चरण को चार जोन और 21 सेक्टर में बांटकर सभी 14 थानाध्यक्षों को भी तैनात किया गया है।
चुनाव प्रेक्षक के फोन नंबर जारी
पंचायत चुनाव के लिए नियुक्त चुनाव प्रेक्षक विशेष सचिव उच्च शिक्षा पीके उपाध्याय बृहस्पतिवार को पीलीभीत पहुंच गए। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में उनका कैंप कार्यालय बनाकर दो फोन नंबर जारी किए गए हैं।
बेसिक फोन 05882-250047
मोबाइल 9415328161