सांसद वरुण गांधी ने ट्वीट करके सवाल किया है। सांसद ने कहा कि दूध, आटा, दाल, चावल आदि जैसी वस्तुओं पर जीएसटी लागू हो चुका है। शराब, पेट्रोल और डीजल आदि पर जीएसटी लागू नहीं है। अगर इस टैक्स प्रणाली का सारा बोझ आम जनता ही वहन करेगी तो इसे लाने का मूल उद्देश्य ही पीछे छूट जाएगा।
उन्होंने ट्वीट कर कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों को मिलकर जीएसटी का एक जनहितकारी प्रारूप तैयार करना होगा। सांसद हर रोज जनता से जुड़े किसी न किसी मुद्दे को ट्वीट करके उठा रहे हैं। उन्होंने एक दिन पहले ही पैक्ड खाद्य पदार्थ पर जीएसटी लगाए जाने को महंगाई बढ़ाने वाला कदम बताया था।
वरुण गांधी विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर अपनी ही सरकार पर निशाना साधते आए हैं। इससे पहले उन्होंने मंगलवार को अग्निपथ योजना पर सवाल खड़ा किया था। सांसद ने ट्वीट कर कहा था कि सेना में किसी भी तरह का कोई आरक्षण नहीं है पर अग्निपथ की भर्तियों में जाति प्रमाण पत्र मांगा जा रहा है। क्या अब हम जाति देखकर किसी की राष्ट्रभक्ति तय करेंगे? सेना की स्थापित परंपराओं को बदलने से हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा पर जो प्रभाव पड़ेगा, उसके बारे में सरकार को सोचना चाहिए।