पूरनपुर। मजदूरों को लेकर जा रही वैन गांव आनंदपुर उर्फ भगवंतापुर के समीप ट्रांसफार्मर के खंभे से टकरा गई। हादसे में सात मजदूर घायल हो गए। गनीमत रही कि घटना से कुछ देर पहले ही बिजली आपूर्ति बंद हुई थी। हादसे के बाद गांव की बिजली आपूर्ति कई घंटे बाधित रही।
घटना मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे गांव आनंदपुर उर्फ भगवंतापुर के समीप की है। नगर से गांव को जाने वाले रास्ते के समीप ट्रांसफार्मर रखा है। गांव निवासी अरुन, राजू, अवधेश, सुशील सहित कई लोग 14 जुलाई को मध्य प्रदेश में मजदूरी पर धान की रोपाई करने गए थे। वैन से मजदूर वापस अपने घर आ रहे थे। गांव गुलड़िया खास निवासी व्यक्ति की वैन में 10 मजदूर सवार थे। तेज गति से जा रही वैन गांव के बाहर ट्रांसफार्मर के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि खंभों पर रखा ट्रांसफार्मर वैन के बोनट के ऊपर आ गिरा। हादसे में गांव भगवंतापुर निवासी अवधेश, राकेश, सुशील, संजय, अरून, राजू, रामगोपाल घायल हो गए। अवर अभियंता आशुतोष ने बताया कि ट्रांसफार्मर को सही कराया गया है।