पूरनपुर में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते वैश्य समाज के लोग।स्रोत:संगठन
पूरनपुर। डकैती की बरामद धनराशि से असंतुष्ट और न्याय न मिलने पर परिवार सहित आत्मदाह करने की चेतावनी देने वाले किराना व्यापारी के साथ माहौर वैश्य समाज आ गया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम अजीत प्रताप सिंह और विधायक बाबूराम पासवान को सौंपा गया। ज्ञापन में किराना व्यापारी सुनील गुप्ता को न्याय दिलाने की मांग की गई।
गांव रामपुर ताल्लुके महाराजपुर में मैगलगंज हाईवे किनारे रहने वाले किराना व्यापारी सुनील कुमार गुप्ता के घर डकैतों ने 30 जनवरी को सरेशाम धावा बोलकर परिजनों को बंधक बनाकर छह लाख रुपये की नकदी और जेवरात लूट लिए थे। पुलिस ने घटना का खुलासा किया था। दो डकैतों ने मुजफ्फरनगर कोर्ट में डकैती के दूसरे सरेंडर किया था।
कोर्ट में सरेंडर करने वाले और गिरफ्तार किए गए डकैतों से पुलिस ने 5.18 लाख रुपये की नकदी बरामद की थी। सुनील का आरोप है कि डकैतों ने उसके घर से 26.80 लाख रुपये की नकदी, 32 लाख रुपये के जेवरात लूटे थे। पुलिस ने तहरीर बदलवाकर अगले दिन सिर्फ छह लाख की डकैती की रिपोर्ट दर्ज की।
सुनील गुप्ता ने तीन दिन पहले मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में सुनवाई न होने देने का हवाला दिया, साथ ही बरामद की गई धनराशि को लेकर असहमति जाहिर की थी। साथ ही न्याय न मिलने पर परिवार सहित आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी। मंगलवार को माहौर वैश्य समाज व्यापारी के साथ आ गया। अध्यक्ष मुकेश गुप्ता के नेतृत्व में समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम और विधायक को सौंपा। ज्ञापन देने वालों में ओमकार गुप्ता आदि शामिल रहे।