पीलीभीत। कोविड-19 से बचाव के लिए बूस्टर डोज लगाने के अभियान के बीच वैक्सीन की किल्लत शुरू हो गई है। जिले में पिछले चार दिन से बूस्टर डोज लगना बंद है। अफसरों का दावा है कि जल्द ही वैक्सीन उपलब्ध होते ही टीकाकरण शुरू करा दिया जाएगा। 13 लाख के सापेक्ष अभी तक 4.66 लाख लोगों को ही बूस्टर डोज लग सकी है।
कोविड से सुरक्षा के लिए 18 से 65 साल की उम्र तक के लोगों को बूस्टर डोज लगाने पर जोर दिया जा रहा है। शासन ने 15 जून से 30 सितंबर तक अभियान चलाकर लक्ष्य निर्धारित किया। जिले को 13 लाख लोगों को कोविड बूस्टर डोज लगाने का लक्ष्य दिया गया। स्वास्थ्य विभाग ने लक्ष्य को पूरा करने के लिए कई टीमों को सक्रिय किया है।
जिला अस्पताल के अलावा सीएचसी समेत अन्य टीकाकरण शिविरों में बूस्टर डोज लगाई जा रही थी। अब तक चार लाख, 66 हजार, 178 लोगों के ही बूस्टर डोज लग सकी। 30 सितंबर को पूरा हो रहे अभियान से 15 दिन पहले ही वैक्सीन की किल्लत शुरू हो गई। अभियान ठप हो गया। रविवार को जिले भर में लगने वाले बूस्टर डोज के मेगा कैंप में पहुंचे लोगों को मायूस लौटना पड़ा था। सीएमओ डॉ. आलोक कुमार ने बताया कि मंगलवार तक वैक्सीन उपलब्ध हो जाएगी।