फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शासन से नहीं मिली वैक्सीन, टीकाकरण का मेगा अभियान हुआ ठप

विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। कोरोना संक्रमण के खिलाफ टीकाकरण अभियान वैक्सीन की किल्लत की वजह से शुरू नहीं हो सका। शासन से वैक्सीन की आपूर्ति न होने पर सिर्फ उपलब्ध वैक्सीन के आधार पर 30 स्थानों पर 2801 लोगों ने टीका लगवाया। शुक्रवार को भी मेगा वैक्सीनेशन अभियान पर संकट मंडरा रहा है।
विज्ञापन

जिले में कोरोना से बचाव को लेकर शासन ने मेगा टीकाकरण अभियान की एक जुलाई से शुरुआत तो कर दी, मगर जिले को जरूरत के हिसाब से पर्याप्त वैक्सीन नहीं पहुंची। बृहस्पतिवार को सिर्फ 3400 डोज स्वास्थ्य विभाग के पास उपलब्ध थी। जिसके आधार पर शहर के गांधी स्टेडियम, बर्न यूनिट और जिला महिला अस्पताल समेत सभी सीएचसी पीएचसी पर टीकाकरण कराया। जहां 18 स्थानों पर ऑन द स्पॉट और नौ स्थानों पर ऑनलाइन स्लॉट के आधार पर टीकाकरण हुआ। मगर इसके बाद भी सीएचसी-पीएचसी पर दोपहर बाद ही वैक्सीन खत्म हो गई। इसके चलते टीकाकरण ठप हो गया। वहां आने वाले लोगों को वापस लौटा दिया गया। उन्हें अगले दिन आने को कहा।
शहर में गांधी स्टेडियम में 352, बर्न यूनिट 227 और जिला महिला अस्पताल में 20 लोगों को टीका लगा। इसके अलावा न्यूरिया सीएचसी पर 268 और ड्रमंड कॉलेज में 106 लोगों को टीका लगा। वहीं, बिलसंडा और ललौरीखेड़ा में 84-84 लोगों का टीकाकरण हो सका।
विज्ञापन

पूरनपुर में सिर्फ 820 को लगा टीका
पूरनपुर। वैक्सीन की किल्लत की वजह से बृहस्पतिवार को सीएचसी पूरनपुर, महिला अस्पताल, शेरपुुर पीएचसी, भरतपुर हजारा, सीएचसी माधोटांडा और आश्रय कॉलोनी में टीकाकरण कराया गया। गांव में टीकाकरण न होने की वजह से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। सीएचसी पर भी दोपहर बाद वैक्सीन खत्म होने पर टीकाकरण ठप हो गया। वहां पहुंचने वाले ग्रामीणों को वापस लौटना पड़ा। इन स्थानों पर सिर्फ 680 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। माधोटांडा सीएचसी पर 140 लोगों को टीका लगा।
सीएचसी पर दोपहर बाद ठप हुआ टीकाकरण
बीसलपुर। पूरे ब्लॉक में सिर्फ सीएचसी पर ही टीकाकरण कराया गया। सुबह दस बजे टीकाकरण शुरू हुआ था। दोपहर दो बजे के बाद वैक्सीन खत्म हो गई। जिसके कारण टीकाकरण ठप हो गया। सीएचसी में वैक्सीन की कमी के चलते अधिकतर लोगों को बिना टीका लगवाए ही लौटना पड़ा। सीएचसी पर सिर्फ 300 लोगों को ही टीका लग सका। इधर, गांव में टीकाकरण ठप रहा।
दो बजे खत्म हो गई वैक्सीन, सिर्फ 400 लोगों को लगा टीका
बरखेड़ा। इस ब्लॉक में सीएचसी बरखेड़ा के अलावा पूर्व माध्यामिक विद्यालय के साथ गांव रामनगर, बढ़ेपुरा, कुसुमा, महदखास बड़ी, दियोराजपुर, पैनिया हिम्मत, पिपारिया मंडन और पंडरी मूड़ा में कैंप कराया गया। इस ब्लॉक में टीकाकरण की स्थिति बेहतर न होने के कारण सभी का जोर इस पर ही है। सीएचसी पर दोपहर दो बजे वैक्सीन खत्म हो गई। इस दौरान सीएचसी पर सिर्फ 60 लोगों को ही टीका लग सका। इसके बाद वहां पहुंचने वाले ग्रामीणों के मायूस लौटना पड़ा। इस ब्लॉक में सिर्फ 400 लोगों को टीका लग सका। सीएचसी अधीक्षक डॉ. एस के सिंह ने बताया कि लोगों को टीकाकरण के लिए जागरुक कर रहे हैं। जल्द ही बेहतर परिणाम मिलेगा।
वैक्सीन की किल्लत, सिर्फ 140 लोगों का लगा टीका
अमरिया। कोविड टीकाकरण को लेकर मेगा अभियान ठप होने से सीएचसी पर भीड़ उमड़ने लगी। सीएचसी पर भी सिर्फ दो बूथ चलाए जा रहे थे। मगर वैक्सीन की किल्लत के चलते वहां भी शाम चार बजे टीकाकरण बंद हो गया। ऐसे में वहां टीका लगवाने के लिए पहुंचे ग्रामीणों को मायूस लौटना पड़ा। एमओआईसी डॉ. लोकेश गंगवार ने बताया कि वैक्सीन की कमी के चलते गांव का अभियान शुरू नहीं हो सका। सिर्फ सीएचसी पर 140 लोगों ने वैक्सीन लगवाई।
वैक्सीन लगवाने के लिए सीएचसी पर गए थे, लेकिन वैक्सीन न होने के कारण वापस लौटना पड़ा। एक जुलाई से गांव में टीकाकरण अभियान चलाना था, लेकिन वह भी नहीं चला। ऐसे में कब टीका लगेगा, पता नहीं। - छत्रपाल गंगवार, गांव अमरा करोड़
जानकारी दी गई थी कि गांव में टीकाकरण कराया जाएगा। जब कोई टीम नहीं पहुंची तो मजबूरी में लंबी दूरी तय कर टीका लगवाने के लिए सीएचसी पर आना पड़ा। घंटों इंतजार के बाद वैक्सीन लग सकी। - हरपाल सिंह, गांव जमगैन अमरिया
गांव में टीकाकरण के लिए टीम आने की जानकारी कई दिन पहले दी गई थी। टीका लगवाने के लिए गांव में चिह्नित जगह पर पहुंचे, लेकिन टीकाकरण नहीं हो सका। - दानिश बरकाती, रजागंज देहात
ऑनलाइन स्लॉट बुक करने के बाद टीका लगवाने के लिए निर्धारित समय पर सीएचसी पहुंचे थे, लेकिन वहां स्टाफ ने वैक्सीन खत्म होने की जानकारी देते हुए वापस लौटा दिया। - रंजीत वर्मा, लखनऊ कला
मेगा अभियान वैक्सीन उपलब्ध न होने के कारण शुरू नहीं किया गया। शासन को 50 हजार वैक्सीन की डिमांड भेजी गई है। जितनी वैक्सीन थी, उस आधार पर ही टीकाकरण कराया गया है। - डॉ. हरपाल सिंह, प्रभारी सीएमओ
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें